जबलपुर : वन विभाग की सुस्ती पर भारी पड़ा किसान दंपत्ति का साहस, खुद जाल बिछाकर पकड़ा 4 फीट का मगरमच्छ

 


जबलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। खमरिया थाना क्षेत्र के सोनपुर घाना में वन विभाग की कथित लापरवाही के बीच एक किसान दंपत्ति ने साहस दिखाते हुए खेत के तालाब में डेरा जमाए मगरमच्छ को खुद ही पकड़ लिया। कई दिनों से तालाब में मगरमच्छ की मौजूदगी के कारण किसान परिवार और आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। वन विभाग को सूचना देने के बावजूद समय पर रेस्क्यू टीम नहीं पहुंचने का आरोप है। आखिरकार किसान दंपत्ति लखपत यादव ने खुद मोर्चा संभाला और तालाब में जाल बिछाकर करीब 4 फीट लंबे मगरमच्छ को पकड़ लिया।

रविवार को हुये इस पूरे घटनाक्रम में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि महिला किसान ने पकड़े गए मगरमच्छ को अपने हाथों में उठाया और वन विभाग के कर्मचारियों तक पहुंचा दिया। जिस वन्यजीव के रेस्क्यू की जिम्मेदारी वन विभाग की थी, उसे पकड़ने के लिए किसान दंपत्ति को खुद जोखिम उठाना पड़ा।

घटना के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मगरमच्छ की मौजूदगी की सूचना पहले ही विभाग को दे दी गई थी, इसके बावजूद समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई? यदि मगरमच्छ किसी ग्रामीण या मवेशी पर हमला कर देता तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता? फिलहाल इस घटना ने वन्यजीवों के रेस्क्यू और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभाग की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक