आज बीएसआई मैदान पर अंडर-22 खिलाड़ियों का होगा पंजीयन, 13 अक्टूबर से दो दिवसीय ट्रायल मैच

 


सीहोर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। एमपीसीए और बीडीसीए के निर्देश पर रविवार को शहर के बीएसआई मैदान पर अंडर-22 जिला क्रिकेट टीम के लिए खिलाड़ियों का पंजीयन किया जाएगा। इसके बाद 13 अक्टूबर से दो दिवसीय ट्रायल मैच आयोजित होंगे। ट्रायल और अन्य चयन गतिविधियों के आधार पर जिला स्तरीय अंडर-22 टीम का गठन किया जाएगा।

जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं विधायक सुदेश राय के मार्गदर्शन में चयन प्रक्रिया की तैयारियां की गई हैं। एसोसिएशन के सचिव अतुल तिवारी और कोषाध्यक्ष वीरू वर्मा ने सीनियर खिलाड़ियों की चयन समिति गठित की है। समिति के सदस्य खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खेल कौशल के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी करेंगे।

डीसीए के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि रविवार को सुबह 11 बजे से बीएसआई मैदान पर पंजीयन प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें भैरुंदा, बुधनी, आष्टा, इछावर, श्यामपुर, सीहोर, दोराहा, अहमदपुर, जावर, मेहतवाड़ा और बिलकिसगंज सहित जिले के सभी क्षेत्रों के 22 वर्ष तक की आयु वाले खिलाड़ी शामिल हो सकेंगे। पंजीयन के बाद 13 अक्टूबर से दो दिवसीय ट्रायल मैच आयोजित किए जाएंगे। इन मैचों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ उनकी तकनीक, प्रतिभा और खेल क्षमता का आकलन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला स्तरीय अंडर-22 टीम की घोषणा की जाएगी।

चयन प्रक्रिया के लिए गठित समिति में मोहनिश त्रिवेदी, आशीष शर्मा, महेंद्र शर्मा, अभिषेक परसाई, चेतन मेवाड़ा और आशीष मेवाड़ा सहित अन्य सीनियर खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। समिति के सदस्य ट्रायल मैचों के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखेंगे। जिला क्रिकेट एसोसिएशन का उद्देश्य जिले के प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करना और उनके प्रदर्शन के आधार पर मजबूत जिला टीम तैयार करना है। अंडर-22 टीम के चयन के लिए जिलेभर के पात्र खिलाड़ियों से पंजीयन प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा