भोपाल में 9300 जनसेवा मित्रों की बहाली की मांग, बाबा साहेब की प्रतिमा के सामने धरना
भोपाल, 05 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के 9300 जनसेवा मित्रों की सेवा बहाल करने की मांग को लेकर संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शनिवार को राजधानी भाेपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के सामने धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उस वादे को पूरा करने की मांग की, जिसमें जनसेवा मित्रों की सेवाएं निरंतर जारी रखने की घोषणा की गई थी।
जनसेवा मित्र संगठन मध्य प्रदेश के अध्यक्ष आकाश रजक के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में अस्थायी, आउटसोर्स कर्मचारी मोर्चा के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा ने कहा कि पहले से कार्यरत जनसेवा मित्रों की सेवा बहाली किए बिना नई भर्ती करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्पष्ट दिशा-निर्देश और पारदर्शी प्रक्रिया के अभाव में मुख्यमंत्री यंग इंटर्न्स फॉर गुड गवर्नेंस प्रोग्राम के तहत 4865 युवाओं की भर्ती कर रही है।
संगठन के अनुसार, वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले करीब 9300 युवाओं को जनसेवा मित्र के रूप में नियुक्त किया गया था। उन्हें 10 हजार रुपए मासिक मानदेय दिया जाता था। चुनाव के दौरान इनसे विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार सहित लाड़ली बहना योजना से जुड़े कार्य भी कराए गए। संगठन का दावा है कि चुनाव के बाद उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं, जिसके बाद से वे बहाली की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
नई भर्ती पर भी उठाए सवाल
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एक ओर 9300 पूर्व जनसेवा मित्र सेवा बहाली का इंतजार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार नई योजना के तहत 4865 युवाओं की भर्ती कर रही है। संगठन ने इस प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को पहले पूर्व जनसेवा मित्रों के भविष्य को लेकर स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए।
जनसेवा मित्रों ने मुख्यमंत्री के नाम पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सेवा बहाली की मांग की। प्रदर्शन में समीर खान, हेमराज चौहान, प्रद्रुम नागर, बंदना चौधरी, रिंकू विश्वकर्मा, सिवानी लोधी और रामकिशन कुमावत सहित बड़ी संख्या में जनसेवा मित्र शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे