उज्जैन व्यापार मेले में रिकार्ड 41 हजार 500 से अधिक बिक गए वाहन
उज्जैन , 29 मार्च (हि.स.)। उज्जयिनी विक्रमोत्सव व्यापार मेला-2026 ने ग्वालियर मेले का रिकार्ड तोड़ दिया है। इस वर्ष उज्जैन के व्यापार मेले में दो पहिया,चार पहिया और व्यावसायिक वाहन मिलाकर कुल 41 हजार 538 वाहन बिक गए। रविवार को वाहन मेले का समापन हो गया।
क्षेत्रिय परिवहन अधिकारी,उज्जैन संतोष मालवीय ने बताया कि उज्जैन में व्यापार मेला 15 फरवरी से प्रारंभ हुआ था। इसका समापन 19 मार्च को होना था। प्रदेश शासन द्वारा लोगों की मांग को देखते हुए मेले की अवधि 29 मार्च कर दी थी। इसके चलते रविवार को मेले का समापन हो गया।
मालवीय ने बताया कि इस बार के व्यापार मेले में भी राज्य शासन द्वारा गैर परिवहन यानों और हल्के परिवहन यानों को जीवनकाल मोटरयान कर की दर में 50 प्रतिशत की छूट दी थी। इस अवधि में खरीदे गए वाहनों का भौतिक सत्यापन करवाकर वाहनों को छूट देने की कार्यवाही की गई। इसप्रकार 15 फरवरी से 29 मार्च,26 तक कुल वाहनों की बिक्री इसप्रकार है-
1.दो पहिया वाहनों की बिक्री: 6958
2.चार पहिया वाहनों की बिक्री: 32,548
3.व्यावसायिक वाहनों की बिक्री: 2,032
---------------------------
कुल वाहनों की बिक्री: 41,538
-------------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल