जबलपुरः रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में बजट बैठक के दौरान एनएसयूआई का प्रदर्शन, कुलपति के खिलाफ नारेबाजी
जबलपुर, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में सोमवार को बजट बैठक के दौरान एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य गेट से लेकर बैठक कक्ष तक कुलपति के खिलाफ नारेबाजी करते हुए “कुलपति हटाओ” के नारे लगाए।
प्रदर्शनकारी छात्र बैठक कक्ष तक पहुंचकर विरोध दर्ज कराना चाहते थे, लेकिन परिसर में तैनात पुलिस बल ने उन्हें मुख्य द्वार पर ही रोक दिया। इसके बावजूद कुछ छात्र दूसरे गेट से अंदर प्रवेश करने में सफल रहे, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
बैठक में मौजूद विधायक लखन घनघोरिया ने छात्रों को समझाइश दी। उन्होंने कहा कि यह बैठक छात्रों की समस्याओं और मांगों पर विचार करने के लिए ही आयोजित की गई है। उनके आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष सचिन रजक ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में छात्रों के लिए बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर, अध्ययन सामग्री और अन्य आवश्यक संसाधनों की कमी के कारण छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रजक ने यह भी कहा कि लगातार विरोध के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलपति ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने भोंपू बजाकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक