रतलाम: देर रात मकान में लगी भीषण आग, जान बचाने 3 साल के बेटे को लेकर खिड़की से कूदे दंपती
माणकचौक क्षेत्र में देर रात हादसा, गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख, शॉर्ट सर्किट की आशंका
रतलाम, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम शहर के माणकचौक क्षेत्र में सोमवार देर रात एक मकान में भीषण आग लग गई। आग और धुएं से घिरे दंपती ने जान बचाने के लिए अपने तीन वर्षीय मासूम बेटे को गोद में उठाकर खिड़की से छलांग लगा दी। उनकी सूझबूझ और साहस के चलते तीनों की जान बच गई, हालांकि घर में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार देर रात करीब तीन बजे की है। परिवार के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे, तभी अचानक मकान में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और कमरों में घना धुआं भर गया। आग तेजी से फैलने के कारण घर से बाहर निकलने का मुख्य रास्ता बंद हो गया। ऐसे में दंपती ने हिम्मत दिखाते हुए अपने तीन साल के बच्चे को गोद में लिया और खिड़की तक पहुंचे। जान जोखिम में डालकर तीनों ने खिड़की से नीचे छलांग लगा दी। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी को गंभीर चोट नहीं आई और परिवार सुरक्षित बच निकला।
घर का सारा सामान जला
अग्निकांड में घर के भीतर रखा कपड़ा, राशन, जरूरी दस्तावेज और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में पूरे मकान को नुकसान पहुंचा दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से क्षेत्र में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे