रतलाम की 13 प्राचीन बावड़ियों का होगा जीर्णोद्धार, 2.50 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी

 


रतलाम, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम नगर निगम की महापौर परिषद की बैठक में शहर के विकास और सौंदर्यीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। महापौर प्रहलाद पटेल की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित बैठक में शहर की 13 प्राचीन एवं जीर्ण-शीर्ण बावड़ियों के संरक्षण और पुनरुद्धार के लिए 2.50 करोड़ रुपये की योजना को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में तय किया गया कि इन ऐतिहासिक बावड़ियों का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कर उन्हें उनके मूल स्वरूप के अनुरूप विकसित किया जाएगा। नगर निगम का मानना है कि इससे शहर की ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा शहर के खुले नालों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से रिटेनिंग वॉल के स्थान पर प्री-फैब्रिकेटेड सीमेंट ब्लॉक लगाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इस कार्य के लिए 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना के तहत नालों को कवर करने से कचरा फेंकने पर रोक लगेगी, जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और ऊपर उपलब्ध स्थान का उपयोग फुटकर विक्रेताओं के लिए बाजार तथा पार्किंग सुविधा विकसित करने में किया जा सकेगा।

महापौर परिषद ने यह भी निर्णय लिया कि भविष्य में नालों के किनारे नई रिटेनिंग वॉल निर्माण की स्वीकृति नहीं दी जाएगी और इसके स्थान पर आधुनिक तकनीक आधारित संरचनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

बैठक में आवासीय क्षेत्रों में नालियों की व्यवस्था सुधारने के लिए घरों के सामने आरसीसी पाइप ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत प्रत्येक 20 फीट की दूरी पर जालीयुक्त चैंबर बनाए जाएंगे, जिससे कचरा जमा नहीं होगा और जल निकासी सुचारू बनी रहेगी।

महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से शहर की स्वच्छता, सौंदर्य और आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा रतलाम को अधिक स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद जोशी