श्योपुर में राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत, महिलाओं ने कंट्रोल संचालक पर अभद्रता का लगाया आरोप

 




श्योपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के कराहल जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत मयापुर की महिलाओं ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अनियमितताओं और कंट्रोल संचालक पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचीं महिलाओं ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

महिलाओं का आरोप है कि गांव के उचित मूल्य दुकान संचालक सुरेश कुमार शर्मा दुकान का नियमित संचालन नहीं करते और अपनी सुविधा के अनुसार ही राशन वितरण करते हैं। उनका कहना है कि कई परिवारों को पिछले छह माह से खाद्यान्न नहीं मिला, जबकि उनके नाम से प्रतिमाह ऑनलाइन वितरण पर्ची जारी कर दी जाती है। संचालक यह कहकर पर्ची कटवा लेते हैं कि बाद में राशन उपलब्ध करा दिया जाएगा, लेकिन खाद्यान्न नहीं मिलता।

शिकायतकर्ता महिलाओं ने आरोप लगाया कि राशन की मांग करने पर संचालक उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करता है, जिससे विशेष रूप से जनजातीय परिवारों की महिलाओं के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचती है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

इसी दौरान जिला मुख्यालय से लगभग आठ किलोमीटर दूर स्थित कालीतलाई गांव के ग्रामीणों ने भी राशन वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाए। ग्रामीणों के अनुसार राशन विक्रेता महीने में केवल एक दिन ट्रॉली में खाद्यान्न लेकर गांव पहुंचता है। यदि उस दिन कोई परिवार गांव में मौजूद नहीं रहता तो उसे अगले माह तक राशन का इंतजार करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की कई दुकानों पर समय पर खाद्यान्न नहीं मिलने और वितरण में अनियमितताओं की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। उनका आरोप है कि प्रभावी निगरानी के अभाव में कई स्थानों पर उचित मूल्य दुकान संचालक मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं।

इस संबंध में प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी विजय शाक्य ने बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध है। मयापुर की महिलाओं से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई है, जिसकी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत वैष्‍णव