सागर : देवरी में मनाई रानी अवंतीबाई लोधी की 196वीं जयंती, समाज सुधार और एकजुटता का आह्वान
सागर, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी में लोधी क्षत्रिय महासभा द्वारा रविवार को वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की 196वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मूसलाधार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में समाजजन और गणमान्य नागरिक वीरांगना के शौर्य और बलिदान को नमन करने पहुंचे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रानी अवंतीबाई की सजधज के साथ निकाली गई आकर्षक झांकी रही, जिसके बाद उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने रानी अवंतीबाई के संघर्षों को याद करने के साथ-साथ वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों पर भी विचार व्यक्त किए।
वक्ताओं ने कहा कि देश से अंग्रेज भले ही चले गए हों, लेकिन आज समाज के सामने नशा, सामाजिक कुरीतियां और अपराध जैसी नई चुनौतियां खड़ी हैं।
युवाओं को मार्गदर्शन: दमोह सांसद राहुल लोधी ने शिक्षा के प्रसार, युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में एकजुटता बनाए रखने के लिए रानी अवंतीबाई के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।
देवरी विधायक बृजबिहारी पटैरिया ने रानी अवंतीबाई के शौर्य को देश और समाज के लिए सदैव प्रेरणादायी बताया। इस अवसर पर लोधी क्षत्रिय समाज के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री जालम सिंह, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, जिला पंचायत सदस्य सर्वजीतसिंह, डॉ. अवनीश मिश्रा, अनिल ढिमोले, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि सरमन लोधी, तृप्ति सिंह लोधी, राजाराम पटेल, बंदना दुबे, अभिजीत महाजन, अर्जुन सिंह दीवान, लक्ष्मण सिंह लोधी, उमेश श्रीवास्तव, प्रीतम सिंह राजपूत, संदीप जैन, संजय चौरसिया, कमलेश लोधी, दामोदर लोधी, नईम खान (नपा उपाध्यक्ष) सहित महासभा के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे