राजगढ़ः सेवा यात्रा के साथ अस्पताल पहुंचे मंत्री पंवार, मरीजों से मिले और खुद चलाया सफाई अभियान

 


राजगढ़,28 सितम्बर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में निकाली जा रही वाराणसी से वडनगर तक की ‘सेवा यात्रा’ के तहत सोमवार को ब्यावरा में जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम हुए।

प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार और सांसद रोडमल नागर ने सेवा यात्रा में शामिल यात्रियों और कार्यकर्ताओं के साथ सिविल अस्पताल पहुंचकर स्वच्छता अभियान चलाया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से आत्मीय मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना और फल वितरित किए। मंत्री पंवार ने नागरिकों से अस्पताल सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत किया पौधरोपण अस्पताल परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया।

मंत्री पंवार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का प्रयास करना चाहिए। मंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिष्ठा की प्रेरणादायी यात्रा हैं। वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही सेवा यात्रा इसी सेवाभाव और राष्ट्रनिर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। सेवा का भाव किसी एक दिन या कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए। सेवा यात्रा रविवार शाम ब्यावरा पहुंची थी। भोपाल बायपास स्थित अखंड परमधाम आश्रम से शुरू हुई यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए गुना नाका पहुंची, जहां भारत माता की आरती हुई। पीपल चाैराहे पर सेवा संवाद में यात्रा प्रभारी प्रवीण मल्ल ने यात्रा के उद्देश्य की जानकारी दी। कार्यक्रम में शासन की योजनाओं के हितग्राहियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। सोमवार को कार्यक्रम के बाद मंत्री पंवार ने यात्रा में शामिल सभी यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए रवाना किया और सफल यात्रा की शुभकामनाएं दी। इस दौरान पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव,युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष केपी पंवार,जिला यात्रा प्रभारी जगदीश पंवार, जिला उपाध्यक्ष इंदरसिंह लववंशी, अमित षर्मा, जसवंत गुर्जर, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुषवाह, मंडल अध्यक्ष राजू यादव,एसडीएम गोविंद कुमार दुबे,एसडीओपी प्रकाश शर्मा, जनपद सीईओ मोनिका झारिया सहित जनप्रतिनिधि,अधिकारी और अस्पताल स्टाफ मौजूद रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक