राजगढ़ः कपिलेश्वर घाट पर जन जल यात्रा का पड़ाव, राज्यमंत्री टेटवाल के नेतृत्व में हुआ स्वागत
राजगढ़, 29 सितम्बर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत वाराणसी से वड़नगर तक निकाली जा रही जन जल यात्रा मंगलवार को सारंगपुर पहुंची। नगर में यात्रा का प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग गौतम टेटवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने स्वागत किया।
यात्रा के दौरान पवित्र कपिलेश्वर घाट पर स्वच्छता अभियान और सेवा कार्य भी आयोजित किए गए। जन जल यात्रा में शामिल सेवा यात्रियों के साथ भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर कपिलेश्वर तीर्थ पहुंचे। उन्होंने बाबा कपिलेश्वर महादेव का विधिवत पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद घाट पर आयोजित स्वच्छता अभियान में शामिल होकर श्रमदान किया। कार्यकर्ताओं और सेवा यात्रियों ने घाट परिसर की सफाई की और लोगों को स्वच्छता के साथ जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जन जल यात्रा इसी संदेश को गांव-शहर तक पहुंचा रही है। कपिलेश्वर घाट पर आयोजित अभियान में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया। राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल सार्वजनिक स्थानों की सफाई तक सीमित नहीं है। स्वच्छ पर्यावरण, जल स्रोतों का संरक्षण और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से नदी-घाटों, जलस्रोतों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कपिलेश्वर घाट पर पूजन के बाद जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और सेवा यात्रियों ने मिलकर सफाई की। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता और जल संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प भी लिया गया। यात्रा के सारंगपुर आगमन ने धार्मिक आस्था के साथ सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक