राजगढ़ः रात्रि चौपाल में राज्यमंत्री टेटवाल ने दिए ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के निर्देश

 


राजगढ़, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर विकासखंड के ग्राम कुड़लासा में बुधवार की रात आयोजित रात्रिकालीन जनकल्याण शिविर में कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने शिविर में पहुंचकर आसपास के दस गांवों से आए ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और युवाओं से सीधा संवाद किया तथा उनकी समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।

शिविर में कुड़लासा, बुढ़नपुर, निशाना, टीकोद, निनोर, लाटा हैंडी, अनुनी, बनी और कोडियाखेड़ी सहित आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शुरू की।

मंत्री टेटवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने रात्रि चौपाल को जनता और प्रशासन के बीच विश्वास एवं संवाद का मजबूत माध्यम बताते हुए कहा कि गांवों में पहुंचकर समस्याओं का समाधान करना ही सुशासन की पहचान है।

कृषि विभाग ने किसानों को फार्मर आईडी, ई-केवाईसी, खाद वितरण की टोकन व्यवस्था और निःशुल्क मृदा परीक्षण की जानकारी दी। वहीं राजस्व विभाग ने खाद्यान्न और पात्रता पर्ची सहित अन्य मामलों के आवेदन प्राप्त किए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण अभियान और मातृ-शिशु कल्याण योजनाओं की जानकारी दी, जबकि शिक्षा विभाग ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मध्याह्न भोजन व्यवस्था पर चर्चा की। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण और मरम्मत से जुड़ी मांगें भी रखीं, जिन पर मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर के दौरान ग्राम कुड़लासा स्थित प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार की घोषणा से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। मंदिर के संरक्षण और विकास की घोषणा का क्षेत्रवासियों ने स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक