राजगढ़ः राज्यमंत्री टेटवाल ने कन्या विद्यालय व छात्रावास में किया औचक निरीक्षण

 


राजगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर में महारानी लक्ष्मी बाई शासकीय कन्या विद्यालय एवं उससे संबद्ध बालिका छात्रावास का शुक्रवार को प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर और आसपास चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री टेटवाल सीधे कक्षाओं में पहुंचे और छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्वयं छात्राओं को पढ़ाया और उन्हें अनुशासन, नियमित अध्ययन तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बेटियों को आत्मनिर्भर, सक्षम और सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इसके बाद मंत्री ने बालिका छात्रावास का निरीक्षण कर रहने की व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, भोजन, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से परीक्षण किया। छात्राओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान छात्रावास की रसोई में रोटी बनाने की मशीन बंद मिलने पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मशीन तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश देते हुए कहा कि छात्राओं के भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और समयबद्ध व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री टेटवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर सुविधाओं के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विद्यालयों और छात्रावासों का नियमित निरीक्षण इसी उद्देश्य से किया जा रहा है, ताकि व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार हो और छात्राओं को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निरीक्षण में सामने आई सभी कमियों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक