राजगढ़ः राज्यमंत्री पंवार ने किया पौधारोपण, समाज ने लिया 21 हजार पौधे लगाने का संकल्प
राजगढ़, 02 अगस्त(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में रविवार को ब्यावरा और बामलाबे जोड़ स्थित अखिल भारतीय सौंधिया राजपूत समाज परिसर में पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। सामाजिक सहभागिता से हुए इस अभियान में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने पौधा लगाकर हर व्यक्ति से प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पेड़ केवल हरियाली का प्रतीक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। इसलिए पौधारोपण को केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवनभर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी बनाना होगा। मंत्री पंवार ने कहा कि ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और नागरिकों के सहयोग से अब तक 5,100 पौधे लगाए जा चुके हैं। यह जनभागीदारी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करने का संकल्प ले।
उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों का संरक्षण ही अभियान की वास्तविक सफलता तय करेगा। इस अवसर पर अखिल भारतीय सौंधिया राजपूत समाज ने जानकारी दी कि जिलेभर में 21 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर अभियान चलाया जा रहा है। समाज के पदाधिकारियों ने इसे प्रकृति संरक्षण के साथ सामाजिक जागरूकता का महत्वपूर्ण प्रयास बताया। मंत्री पंवार ने कहा कि आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति को दिया गया अमूल्य उपहार हैं और सभी के सहयोग से क्षेत्र को हराभरा एवं पर्यावरण की दृष्टि से समृद्ध बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष श्यामसिंह चौहान, अर्जुन सिंह लोहारी, विनय सिंह,जगदीश पंवार, मोहन पंवार,गुजरात सिंह,हरिसिंह, कंवरलाल, दिलीप सिंह, बहादुरसिंह चाटा, अनिल सिंह, श्याम सिंह,उदय सिंह सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक