राजगढ़ः विश्व पर्यावरण दिवस पर राज्यमंत्री पंवार ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

 


राजगढ़, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और हरित भविष्य के निर्माण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

मंत्री पंवार ने प्रशासनिक अधिकारियों, नगर पालिका प्रतिनिधियों, पर्यावरण प्रेमियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पौधे रोपे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किया गया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का प्रतीक है। यह केवल वृक्षारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन तथा जैव विविधता के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। जल जीवन मिशन, अमृत सरोवर, कैच द रेन अभियान, नमामि गंगे,राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम और व्यापक वृक्षारोपण अभियान सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। वहीं मध्य प्रदेश सरकार भी जल गंगा संवर्धन अभियान सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हरियाली बढ़ाने और जल संरक्षण को बढ़ावा दे रही है।

मंत्री पंवार ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी जरूरी हैं। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, पूर्व जिलाध्यक्ष दिलवर यादव, पूर्व जिला महामंत्री अमित शर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह, मंडल अध्यक्ष राजू यादव,जयेंद्र गुर्जर,दिनेश मीणा, दीपक सामरे, सुमित सोलंकी, विष्णु साहू, जनदप सीईओ आके.मंडल, सीएमओ इकरार अहमद, एसडीओ प्रवीण सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक