45 डिग्री तापमान में मंत्री पंवार ने किया 1.59 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन
राजगढ़, 29 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी और 45 डिग्री तापमान के बीच मध्य प्रदेश शासन के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने शुक्रवार को ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में विकास कार्यों का भूमिपूजन और निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एक करोड़ 59 लाख 16 हजार रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी।
ग्राम पंचायत जरकड़ियाखेड़ी में मंत्री पंवार ने 75.16 लाख रुपये की लागत से शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही 52 लाख रुपये की लागत से देव महाराज स्थान, आंगनवाड़ी के पास सामुदायिक भवन, पानी की टंकी, दो पुलिया और नाली निर्माण कार्यों की भी शुरुआत कराई गई।
वहीं ग्राम पंचायत सलहेपुर में 32 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन की आधारशिला रखी गई। मंत्री पंवार ने ग्राम पंचायत मलावर पहुंचकर शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में निर्माणाधीन लैब और अतिरिक्त कक्षों का निरीक्षण भी किया।
इस दौरान उन्होंने कपिलेश्वर महादेव पहाड़ी पर बन रही सड़क का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री नारायण सिंह पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ब्यावरा विधानसभा का अब ऐसा कोई गांव नहीं बचा, जहां सड़क संपर्क नहीं पहुंचा हो।
पूर्व कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए मंत्री पंवार ने कहा कि वर्षों तक विकास के नाम पर जनता को भ्रमित किया गया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा, “राजा लाल बत्ती में, जनता मोमबत्ती में।”
मंत्री पंवार ने कहा कि जल परियोजनाओं और बांधों के कारण जिले में पानी की उपलब्धता बढ़ी है, सिंचित क्षेत्र का विस्तार हुआ है और किसान आर्थिक रूप से मजबूत हुए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत होने की भी बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक