राजगढ़ः राज्यमंत्री पंवार ने कदंब का पौधा रोपकर दिया प्रकृति बचाने का संदेश
राजगढ़, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले की ब्यावरा विधानसभा की आस्था का प्रमुख केंद्र घुरेल पहाड़ी स्थित भगवान पशुपतिनाथ मंदिर परिसर शनिवार को हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प का साक्षी बना। वन विभाग की ओर से एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विभाग राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने भगवान पशुपतिनाथ की पूजा-अर्चना के बाद कदंब का पौधा रोपकर अभियान की शुरुआत की।
इस दौरान मंदिर परिसर में करीब 300 पौधे लगाए गए। राज्यमंत्री पंवार ने लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से जीवन में कम से कम 50 पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने की अपील की। अपने संबोधन में उन्होंने लगातार हो रही वन कटाई, गिरते भूजल स्तर और वर्षा चक्र में आ रहे बदलाव पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संतुलन बिगड़ने से जल संकट गहराता जा रहा है, इसलिए जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को जन आंदोलन बनाना होगा।
रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने किसानों से जैविक और प्राकृतिक खेती अपनाने का आग्रह किया, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके। मंत्री पंवार ने नशे से दूरी है जरूरी का संदेश देते हुए सभी को नशामुक्त जीवन का संकल्प भी दिलाया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर,पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष इंदरसिंह लववंशी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह, अमित शर्मा, डीएफओ वैणी प्रसाद, एसडीएम गोविंद कुमार दुबे, एसडीओपी प्रकाश शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, मंदिर समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक