राजगढ़ः सुठालिया में राज्यमंत्री पंवार ने कार्यकर्ताओं के साथ सुनी ‘मन की बात’

 


राजगढ़, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया नगर के वार्ड क्रमांक 12 स्थित बूथ क्रमांक 153 पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 140वां संस्करण सुना गया। इस अवसर पर प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार भाजपा कार्यकर्ताओं और नगरवासियों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।

प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने और सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों, जनसेवा के कार्यों और समाज के लिए प्रेरणादायी प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के माध्यम से नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, साइबर सुरक्षा, जनसेवा तथा कला और संस्कृति के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए हैं। ये संदेश समाज को जागरूक बनाने के साथ ही नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।

मंत्री पंवार ने नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। सामाजिक जागरूकता, सकारात्मक सोच और जनसेवा के माध्यम से समाज में बेहतर बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात कर सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा राष्ट्र की उन्नति में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व जिला महामंत्री अमित शर्मा, मंडल अध्यक्ष श्याम सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक