राजगढ़ःअक्षय तृतीया पर 69 जोड़ो का विवाह/निकाह समारोह सम्पन्न, राज्यमंत्री पंवार ने दिया आशीर्वाद

 


राजगढ़,19 अप्रैल(हि.स.)। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर रविवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत आयोजित विशाल सामूहिक विवाह समारोह में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।

कार्यक्रम में कुल 69 जोड़ों (62 विवाह एवं 7 निकाह) का विधिवत विवाह-निकाह संपन्न कराया गया। मंत्री पंवार ने सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखी, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में संबोधन के दौरान मंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने गरीब और वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं समाज में सशक्तिकरण और विकास की नई ऊर्जा का संचार कर रही हैं। प्रदेश की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जनकल्याण के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना, लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना और मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान जैसे कार्यक्रम महिलाओं, बेटियों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए जीवन बदलने वाली पहल साबित हो रहे हैं।

मंत्री पंवार ने बताया कि कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत अब तक 5 लाख से अधिक विवाह संपन्न हो चुके हैं, जो इसकी सफलता का प्रमाण है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे सरकार की इन जनहितकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर समाज के विकास में सहभागी बनें। कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह, पार्षद विष्णु साहू,गोपाल जाटव,मंडल अध्यक्ष जयेंद्र गुर्जर,जिला पंचायत सीईओ इच्छित गढ़पाले, एसडीएम गोविंदकुमार दुबे, जनपद सीईओ आरके. मंडल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक