सुठालिया में बनेगा आधुनिक खेल स्टेडियम, राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने किया निरीक्षण
राजगढ़, 17 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सुठालिया में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। क्षेत्र में जल्द ही एक आधुनिक और सुविधायुक्त खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इसी क्रम में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने शुक्रवार को अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि सुठालिया क्षेत्र में लंबे समय से खेल अधोसंरचना की कमी महसूस की जा रही थी, जिससे यहां के प्रतिभाशाली युवाओं को उचित मंच नहीं मिल पा रहा था। स्टेडियम बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि स्टेडियम निर्माण की प्रशासनिक प्रक्रिया तेजी से चल रही है और जल्द ही इसे औपचारिक स्वीकृति मिलने की संभावना है। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य उपयुक्त भूमि का चयन करना था, ताकि भविष्य में यहां आधुनिक मानकों के अनुरूप खेल सुविधाएं विकसित की जा सकें।
राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि चयन में सभी आवश्यक मापदंडों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए ‘खेलो इंडिया’ जैसे कई अभियान संचालित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाना है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भी खेल सुविधाओं के विकास, खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और नई अधोसंरचना तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
राज्यमंत्री पंवार ने विश्वास जताया कि सुठालिया में बनने वाला यह स्टेडियम क्षेत्र के युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं और आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक