राजगढ़ःस्कूल में मंत्री पंवार ने बांटी निःशुल्क साइकिलें, बेटियों को राष्ट्रपति मुर्मू का उदाहरण देकर किया प्रेरित

 


राजगढ़,23 सितम्बर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ग्राम गांगाहोनी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को आयोजित निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम में प्रदेष के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और कन्या पूजन से हुई। इसके बाद मंत्री ने विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें वितरित की और उनसे संवाद कर पढ़ाई में लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि साइकिल वितरण विद्यार्थियों से मिलने और संवाद करने का अवसर भी है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम अच्छा रहा है, लेकिन अब इसे और बेहतर बनाने के लिए प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि आज प्रतिस्पर्धा का दौर है। विद्यार्थी कठिन मेहनत कर शत-प्रतिशत अंक हासिल कर रहे हैं, इसलिए प्रत्येक छात्र को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और समय पर पढ़ाई पूरी कराने में विद्यालय व परिवार की संयुक्त जिम्मेदारी बताई।

12वीं के छात्रों को लक्ष्य तय करने की सीख

मंत्री पंवार ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से कहा कि यह जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इसी के बाद उच्च शिक्षा और करियर की दिशा तय होती है। विद्यार्थियों को अभी से तय करना चाहिए कि वे डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक या प्रशासनिक अधिकारी में से क्या बनना चाहते हैं। लक्ष्य तय कर उसी दिशा में पूरी लगन और मेहनत से आगे बढ़ने की जरूरत है।

बेटियों को राष्ट्रपति मुर्मू का उदाहरण देकर किया प्रेरित

छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए पंवार ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जीवन का उदाहरण देते हुए छात्राओं से कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ बड़े लक्ष्य तय करने को कहा। कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं में शामिल विद्यार्थियों से भी मंत्री ने संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष इंदर सिंह लववंशी, पूर्व जिला महामंत्री अमित शर्मा, नारायण सिंह सालरियाखेड़ी, मंडल अध्यक्ष दिनेश मीना, प्राचार्य महेश शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक