संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर
मंदसौर, 3 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र की बैठकों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, भारत सरकार के सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के गैर-सरकारी प्रतिनिधिमंडल का गठन किया गया है। इसी प्रतिनिधिमंडल में सांसद बंशीलाल गुर्जर को शामिल किया गया है।
सांसद गुर्जर 5 से 9 अक्टूबर 2026 तक न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित प्रथम चरण के कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इस दौरान वे भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में विभिन्न बहुपक्षीय वैश्विक बैठकों में शामिल होंगे। अंतरराष्ट्रीय नीतियों और विकासशील देशों से जुड़े प्राथमिक मुद्दों पर भारत का दृष्टिकोण भी इन बैठकों में रखने का अवसर उन्हें मिलेगा।
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में बंशीलाल गुर्जर देश के किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा के कार्यक्रम में प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में उनकी भागीदारी के माध्यम से कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण भारत से जुड़े प्राथमिक मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखने का अवसर मिलेगा।
सुधीर गुप्ता को रेलवे संबंधी स्थायी समिति की जिम्मेदारी
इधर, केन्द्र सरकार ने मंदसौर संसदीय क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता को रेलवे संबंधी स्थायी समिति का चेयरमैन नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को लेकर क्षेत्र में प्रसन्नता का माहौल है। रेलवे संबंधी स्थायी समिति संसद की महत्वपूर्ण समितियों में शामिल है। समिति रेलवे के कामकाज, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, आधारभूत संरचना के विकास और रेलवे से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा करती है।
रेलवे संबंधी स्थायी समिति संसद की विभाग-संबंधी स्थायी समितियों में से एक है। इसका प्रमुख दायित्व रेल मंत्रालय के कामकाज, बजट, नीतियों और महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा करना तथा आवश्यक सुझाव और सिफारिशें संसद के समक्ष प्रस्तुत करना है। समिति रेलवे के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों का अध्ययन करने के साथ संबंधित मंत्रालय से कार्यों की प्रगति और अन्य विषयों पर जानकारी भी लेती है।
चेयरमैन के रूप में महत्वपूर्ण दायित्व
समिति के चेयरमैन के रूप में सुधीर गुप्ता की जिम्मेदारी बैठकों की अध्यक्षता करने के साथ चर्चा को दिशा देने की होगी। वे समिति के सदस्यों के विचार सुनने और विभिन्न विषयों पर होने वाली चर्चा की प्रक्रिया का संचालन करेंगे। इसके अलावा समिति की रिपोर्ट और सिफारिशों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में भी चेयरमैन की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। दोनों सांसदों को मिली इन जिम्मेदारियों को मंदसौर संसदीय क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया