राजगढ़ः मन की बात में पीएम मोदी की सराहना के बाद मंत्री पंवार ने किया महिलाओं का सम्मान
राजगढ़, 28 जून(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा की महिलाओं की पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल रविवार को पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 135वें संस्करण में ब्यावरा की उन महिलाओं का उल्लेख किया, जो प्लास्टिक कचरे का पुनर्चक्रण कर इको-ब्रिक्स तैयार कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने इस पहल को स्वच्छता, जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक उदाहरण बताते हुए महिलाओं के प्रयासों की खुलकर सराहना की।
प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय मंच से ब्यावरा का उल्लेख किए जाने पर प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने इसे पूरे राजगढ़ जिले और ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर शुरू हुआ यह नवाचार आज राष्ट्रीय पहचान बन गया है। इससे न केवल प्लास्टिक प्रदूषण कम हो रहा है, बल्कि महिलाओं की भागीदारी से स्वच्छता अभियान को भी नई दिशा मिल रही है।
मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण के बाद मंत्री पंवार ने प्रधानमंत्री से सराहना प्राप्त करने वाली महिलाओं का सम्मान कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियान जनआंदोलन का स्वरूप ले चुके हैं। आज देशभर में नागरिकों की भागीदारी से अनेक सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहे हैं।
मंत्री पंवार ने कहा कि मन की बात उन अनाम नायकों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बन गया है, जो सेवा, नवाचार और सामाजिक समर्पण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े ऐसे प्रयासों को आगे बढ़ाने तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंत्री पंवार ने ब्यावरा नगर के बूथ क्रमांक-84 पर बूथ अध्यक्ष त्रिलोक शर्मा के निवास पर मंडल अध्यक्ष राजू यादव, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण भी किया। उन्होंने कहा कि ब्यावरा की महिलाओं की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए प्रेरणा है और आने वाले समय में ऐसे नवाचार अन्य क्षेत्रों के लिए भी मिसाल बनेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक