नरसिंहपुर में खेतों की आग और काले धुएं से बढ़ी परेशानी, हाईवे पर यातायात प्रभावित

 


नरसिंहपुर, 09 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में नरवाई जलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। खेतों में लगाई जा रही आग से उठ रहा काला धुआं अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनता जा रहा है। खासकर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 और 45 पर धुएं के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार बरमान और करेली के बीच कई स्थानों पर खेतों में नरवाई जलाई जा रही है, जिससे निकलने वाला घना काला धुआं पूरे इलाके में फैल रहा है। धुएं के कारण हाईवे पर दृश्यता प्रभावित हो रही है, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस वजह से दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।

क्षेत्रवासियों के मुताबिक दिन-रात फैल रहे धुएं से लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसका असर पशु-पक्षियों पर भी पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि जहरीले धुएं से वातावरण लगातार प्रदूषित हो रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि नरवाई जलाने पर सख्ती से रोक लगाई जाए और प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और हाईवे पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / भागीरथ तिवारी