राजगढ़ः तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक की मौत

 


राजगढ़, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरकारी स्कूल के शिक्षक की मौत हो गई। ग्राम कोड़क्या और बाढ़गांव के बीच तेज रफ्तार अल्टो कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल शिक्षक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार ग्राम भाटखेड़ी निवासी 55 वर्षीय रामचंद्र पुत्र रघुनाथदास बैरागी शासकीय प्राथमिक विद्यालय पथरी, संकुल केंद्र कोड़क्या (ब्लॉक जीरापुर) में प्राथमिक शिक्षक के पद पर पदस्थ थे। सोमवार सुबह वे रोज की तरह बाइक से स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान कोड़क्या- बाढ़गांव मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार अल्टो कार एमपी 04 सीजेड 7593 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया। चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर फरार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शिक्षक के असामयिक निधन से विद्यालय और गांव में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक