राजगढ़ः भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में टूटा मंच, नेता-कार्यकर्ता गिरे, जाम के बीच दावेदार की जेब से 1.09 लाख पार

 


राजगढ़, 20जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के दौरे के दौरान शनिवार को शक्ति प्रदर्शन के बीच अव्यवस्थाओं की तस्वीर भी सामने आई। स्वागत के लिए बनाए गए एक मंच पर कार्यकर्ताओं की भीड़ इतनी बढ़ गई कि मंच अचानक टूट गया। हादसे में श्याम टेलर, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर सहित कई नेता और कार्यकर्ता नीचे गिर पड़े। राहत की बात रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

श्याम टेलर के स्वागत के लिए ब्यावरा नाका से खिलचीपुर नाका तक जगह-जगह बैनर-पोस्टर और स्वागत मंच लगाए गए थे। जिलेभर से भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता बड़ी संख्या में राजगढ़ पहुंचे थे। प्रदेश नेतृत्व के सामने अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की होड़ भी साफ नजर आई। अंजनीलाल मंदिर के पास बनाए गए एक मंच पर श्याम टेलर का स्वागत चल रहा था। इसी दौरान माला पहनाने, फोटो खिंचवाने और मंच पर मौजूदगी दर्ज कराने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एक साथ चढ़ गए। पहले मंच हिलता रहा और फिर अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। मंच गिरते ही कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं को तुरंत संभाला गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंच पर क्षमता से कहीं अधिक लोग चढ़ गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उधर, स्वागत कार्यक्रम के चलते नेशनल हाईवे सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। वाहनों का दबाव बढ़ने से आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। इसी भीड़ और अव्यवस्था का फायदा उठाकर चोरों ने भाजयुमो जिला अध्यक्ष पद के दावेदार नरसिंहगढ़ निवासी गौरव सोनी की जेब से 1 लाख 9 हजार 400 रुपए चोरी कर लिए। गौरव सोनी की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब भीड़ में सक्रिय जेबकतरों और घटना के समय मौजूद संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक