राजगढ़ः दशहरा और मूर्ति विसर्जन की तैयारियों का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा
राजगढ़, 19 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में नवरात्रि और दशहरा पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा और एसपी अमित तोलानी ने सोमवार को राजगढ़ और खिलचीपुर में मूर्ति विसर्जन स्थलों सहित दशहरा मैदानों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर और एसपी सबसे पहले जिला मुख्यालय राजगढ़ में छोटे पुल के समीप स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जानकारी ली।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि विसर्जन के समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रहें और यातायात प्रबंधन इस तरह किया जाए कि श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद अधिकारियों ने राजगढ़ के दशहरा मैदान का निरीक्षण कर रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियां देखीं। उन्होंने आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ को नियंत्रित करने और अन्य जरूरी प्रबंधों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू रहें और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति न बने।
राजगढ़ के बाद कलेक्टर और एसपी ने खिलचीपुर के दशहरा मैदान और मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। यहां संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने पर जोर दिया। प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करना है। इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि नागरिक और श्रद्धालु दशहरा पर्व उत्साह, उल्लास और सौहार्द के साथ मना सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक