राजगढ़ः खेत में महुआ के पेड़ के नीचे मृत अवस्था में मिली बुजुर्ग महिला, जांच शुरू

 


राजगढ़,5 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा देहात थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक 60 वर्षीय महिला का शव सड़क किनारे खेत में महुआ के पेड़ के नीचे मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान शंकुतला प्रजापति (60) पत्नी गोपाल प्रजापति निवासी नारायणघाटा, हाल मुकाम गुना नाका स्थित पुलिस पेट्रोल पंप के सामने, ब्यावरा के रूप में हुई है। बताया गया है कि शंकुतला अपने बड़े बेटे के साथ ब्यावरा में रहती थी। गुरुवार शाम वह नारायणघाटा गांव जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। सुबह चमारी-चाठा रोड पर सड़क किनारे खेत में महुआ के पेड़ के नीचे महिला को मृत अवस्था में देखकर खेत मालिकों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मृतका के दोनों बेटों ने शव की पहचान की। परिजनों के अनुसार दोनों बेटे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक