राजगढ़ः कलेक्टर ने पौधरोपण कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए किया प्रेरित

 


राजगढ़, 8 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने बुधवार को खिलचीपुर प्रवास के दौरान शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें पर्यावरण संरक्षण, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने विद्यार्थियों से कहा कि प्रत्येक छात्र अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प भी ले। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला भी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के बाद कलेक्टर डॉ. मिश्रा वन विभाग की वन वाटिका पहुंचे, जहां उन्होंने पौधरोपण कर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और हरित क्षेत्र बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों से पौधों के संरक्षण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले, एसडीएम अंकिता जैन, तहसीलदार अनिल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और विद्यालय परिवार उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक