राजा रघुवंशी हत्याकांड: सोनम के बाद प्रेमी राज की जमानत पर सुनवाई पूरी, कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा
इंदौर, 05 मई (हि.स.)। इंदाैर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में कानूनी हलचल तेज हो गई है। मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को जमानत मिलने के बाद अब उसके कथित प्रेमी और सह-आरोपी राज कुशवाह की जमानत याचिका पर भी अहम सुनवाई पूरी हो चुकी है। मंगलवार को शिलॉन्ग की जिला एवं सत्र अदालत ने दोनों पक्षों की लंबी बहस सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। माना जा रहा है कि एक-दो दिनों में कोर्ट अपना निर्णय सुना सकता है।
सरकारी वकील केशव गौतम के अनुसार, राज कुशवाह के साथ-साथ अन्य तीन आरोपी विशाल चौहान, आनंद कुर्मी और आकाश राजपूत की जमानत याचिकाओं पर भी सुनवाई पूरी हो गई है। इन सभी की अर्जी पर एक साथ फैसला आने की संभावना है। राज के वकील योबिन ने अदालत में दलील दी कि जब इस मामले की मुख्य आरोपी मानी जा रही सोनम रघुवंशी को पहले ही जमानत मिल चुकी है, तो ‘पैरिटी’ (समानता) के सिद्धांत के तहत राज को जेल में रखना उचित नहीं है। बचाव पक्ष का तर्क है कि सह-आरोपी को भी वही राहत मिलनी चाहिए जो मुख्य आरोपी को दी गई है। राज के वकील ने बताया कि अदालत का आदेश एक से दो दिन में उपलब्ध हो सकता है, जिससे आगे की कानूनी रणनीति तय की जाएगी।
सोनम की जमानत पर परिवार में नाराजगी
सोनम रघुवंशी को पुलिस जांच में तकनीकी खामियों के आधार पर जमानत मिली थी। उसकी रिहाई के बाद मृतक राजा रघुवंशी के परिजनों में गहरा आक्रोश है। राजा की मां उमा रघुवंशी ने इसे न्याय के साथ अन्याय बताते हुए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। परिवार का कहना है कि मुख्य आरोपियों के बाहर आने से गवाहों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ सकता है।
फैसले पर टिकी सबकी नजरें
अब पूरे मामले में अगला बड़ा कदम राज कुशवाह और अन्य आरोपियों की जमानत पर आने वाला फैसला होगा। यदि अदालत उन्हें भी राहत देती है, तो मृतक का परिवार उच्च न्यायालय में अपील करने की तैयारी कर रहा है। फिलहाल, शिलॉन्ग कोर्ट के सुरक्षित रखे गए आदेश पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे