रायसेन में निर्माणाधीन पुलिया से नीचे बाइक गिरने से युवक की मौत, एक दिन पहले मिनी ट्रक गिरा था

 




रायसेन, 23 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन-राहतगढ़ स्टेट हाईवे पर निर्माणाधीन पुलिया एक बार फिर हादसे की वजह बनी। देर रात एक बाइक पुलिया से नीचे गिर गई, जिसमें भोपाल निवासी एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में पुलिया से निकले लोहे के सरिए उसके शरीर में धंस गए, जिससे उसकी जान नहीं बच सकी।

सोमवार सुबह नकतरा चौकी पुलिस को घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। इस सड़क पर दो दिनों में यह दूसरा बड़ा हादसा है, जिससे निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, मृतक युवक अब्दुल कय्यूम (32 वर्षीय) भोपाल के शहीद नगर क्षेत्र का निवासी था और पेशे से ट्रक ड्राइवर था। परिजनों के अनुसार, वह ईद मनाने के लिए घर आया हुआ था। रविवार रात वह दोस्तों के साथ बेगमगंज जाने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। परिवार में उसकी दो बेटियां, एक बेटा और दो भाई हैं। उसकी असमय मौत से घर में मातम पसरा हुआ है।

मृतक के परिजनों और परिचितों ने सड़क निर्माण कंपनी और ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि निर्माणाधीन पुलिया के पास न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे और न ही पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। डायवर्जन मार्ग पर भी संकेतों का अभाव था, जिससे राहगीरों को खतरे का अंदाजा नहीं लग पाता।

एक दिन पहले भी हुआ था हादसा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसी स्थान पर एक दिन पहले फलों से भरा मिनी ट्रक भी पुलिया में गिर गया था, जिसमें चालक और क्लीनर घायल हो गए थे। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, जो हादसे की बड़ी वजह बन रहा है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने प्रशासन और निर्माण एजेंसियों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग जल्द से जल्द सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि आगे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे