रायसेन में सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसा तेज रफ्तार ट्रक, चालक की मौत, जेसीबी से निकल सका शव
रायसेन, 22 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के नेशनल हाईवे-45 पर नागिन मोड़ के पास रविवार सुबह करीब 10:30 बजे एक खड़े ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक टकरा गया। हादसे में पीछे वाले ट्रक का चालक केबिन में फंस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। टकराने के बाद ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, और चालक केबिन में फंसा हुआ था। सूचना मिलने पर बाड़ी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। चालक केबिन में फंस जाने के कारण उसे तुरंत बाहर निकालना संभव नहीं था। पुलिस ने बाद में जेसीबी मशीन की मदद से केबिन को काटकर शव बाहर निकाला। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ढाबों के बाहर भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यह मार्ग अक्सर दुर्घटनाओं के लिए संवेदनशील बना रहता है। खासकर नागिन मोड़ जैसे खतरनाक स्थानों पर खड़े वाहन ऐसे हादसों को आमंत्रित करते हैं। नागरिक प्रशासन से सुरक्षित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे