रायसेन: चलती स्लीपर बस में लगी आग, यात्रियों में मची भगदड़, कूदकर बचाई जान

 


रायसेन, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन में मंगलवार शाम करीब 4 बजे इंदौर से सागर जा रही एक स्लीपर कोच बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना सेहतगंज के पास हुई, जहां बस के अगले हिस्से से अचानक उठीं लपटों ने यात्रियों को दहशत में डाल दिया। बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जिन्होंने बस से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग बस के अगले हिस्से, चालक की सीट और स्टीयरिंग के पास से शुरू हुई। आग लगते ही बस के भीतर तेजी से धुआं भर गया, जिससे यात्रियों का दम घुटने लगा। हालात बिगड़ते देख लोगों ने दरवाजे खोलकर भागना शुरू कर दिया। संभावित विस्फोट के डर से सभी यात्री करीब 200 मीटर दूर जाकर खड़े हो गए। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। चालक और परिचालक ने मौके पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और शुरुआती स्तर पर ही आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में बैटरी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है।

घटना के समय क्षेत्र में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक था। विशेषज्ञों के अनुसार, भीषण गर्मी में वाहनों में तकनीकी खराबी और आग लगने की आशंका बढ़ जाती है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस के अगले हिस्से से धुआं और लपटें उठती दिखाई दे रही हैं। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे