रायसेन में पंचायत शिकायत को लेकर खूनी संघर्ष, दो पक्षों में चले लाठी-डंडे और धारदार हथियार, 3 की हालत गंभीर
रायसेन, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के बेगमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम भुरेरू में पंचायत संबंधी शिकायत को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। मारपीट में 8 लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को ग्राम पंचायत में प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए अधिकारी गांव पहुंचे थे। इसी दौरान राहुल रजक ने सरपंच के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत अधिकारियों के सामने रखी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। बताया गया कि राहुल रजक ने मामले को लेकर थाने में भी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद शनिवार शाम बेगमगंज में एक दुकान पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। यहां भी कहासुनी हुई। रात में मामला फिर बढ़ गया और भुरेरू गांव में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।
रात में विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे। अचानक हुए संघर्ष से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बेगमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति नियंत्रित की। पुलिस ने घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया। घायलों में सौरभ साहू, सुमित साहू, चेतराम साहू, लक्की साहू, भूपेंद्र साहू, राजू साहू और रविशंकर साहू सहित अन्य शामिल हैं।
मारपीट में कई लोगों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कुछ के हाथ-पैर में चोट लगी है। चिकित्सकों के अनुसार तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।
पुलिस ने दर्ज किए बयान, गांव में बल तैनात
घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीओपी सोनाली गुप्ता, थाना प्रभारी और पुलिस बल सिविल अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए हैं। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे