रायसेन में तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को मारी टक्कर, 7 घायल

 


चालक की ग्रामीणों ने की पिटाई, पुलिस ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया

रायसेन, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के सागर रोड स्थित ग्राम पठारी के पास बुधवार शाम एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सवारियों से भरे ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में छह महिलाएं और एक बच्ची घायल हो गईं।

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने पिकअप चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ से बचाते हुए सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, ऑटो रायसेन से सवारियां लेकर ग्राम नक्तरा जा रहा था। इसी दौरान ग्राम पठारी के पास पीछे से आ रही पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पिकअप के ब्रेक फेल होने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय निवासी राजेंद्र सिंह ठाकुर सहित अन्य लोगों ने पलटे हुए ऑटो में फंसी महिलाओं और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस और पुलिस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

चालक की पिटाई, पुलिस ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने पिकअप चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और चालक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप और ऑटो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह पिकअप के ब्रेक फेल होना सामने आया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे