रायसेन: आंगन में खेल रहे ढाई साल के मासूम को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत, परिजनों का चक्काजाम
- चालक पर जानबूझकर वाहन चढ़ाने का आरोप, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
रायसेन, 24 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के सुल्तानपुर थाना क्षेत्र स्थित बोरखेड़ी गांव में एक दर्दनाक हादसे में ढाई साल के मासूम की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। परिजनों ने चालक पर जानबूझकर ट्रैक्टर चढ़ाने का गंभीर आरोप लगाते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। बुधवार को आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, बोरखेड़ी निवासी प्रमोद का ढाई वर्षीय पुत्र राजवीर मंगलवार को अपने घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों ने इसे महज हादसा मानने से इनकार कर दिया। उनका आरोप है कि ट्रैक्टर चालक और उनका परिवार गांव का ही रहने वाला है तथा बच्चे को जानबूझकर वाहन से कुचला गया है।
परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया जाना चाहिए। मासूम की मौत से गुस्साए परिजन और ग्रामीण सुल्तानपुर थाने पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस को आवेदन सौंपकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
गिरफ्तारी नहीं होने पर चक्काजाम
आरोपी की गिरफ्तारी में देरी से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
ट्रैक्टर जब्त, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फरार चालक की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मासूम राजवीर की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे