बारिश थमते ही मध्य प्रदेश में सर्दी तेज, गिरवर में 8.4 डिग्री पर पहुंचा पारा, भोपाल, इंदौर-ग्वालियर में बढ़ी ठंड
- भोपाल में एक रात में तापमान में 3.4 डिग्री की गिरावट
भोपाल, 25 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में बारिश का दौर खत्म होते ही सर्दी ने फिर जोर पकड़ लिया है। पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। शाजापुर जिले का गिरवर 8.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। वहीं, भोपाल में एक ही रात में पारा 3.4 डिग्री लुढ़ककर 9 डिग्री पर पहुंच गया। अगले तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री और गिर सकता है।
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, प्रदेश में पिछले तीन दिनों तक चक्रवात 'अकवान' और ट्रफ का असर रहा। इसके चलते पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के कई जिलों में बारिश हुई। बादल और बारिश के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। अब मौसम प्रणाली का असर कम होने और बारिश थमने के बाद ठंडी हवाओं ने प्रदेश में सर्दी बढ़ा दी है। दिन के साथ रात में भी ठंड का असर महसूस होने लगा है।
भोपाल में एक रात में 3.4 डिग्री गिरा पारा
बीती रात गिरवर के बाद भोपाल प्रदेश के सबसे ठंडे शहरों में शामिल रहा। यहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री से गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। ग्वालियर में 11.3, उज्जैन में 11.5, जबलपुर में 12.6 और इंदौर में 13.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा दमोह में पारा 9.2 डिग्री, कटनी के करौंदी में 10.2, नीमच के मरुखेड़ा में 10.6, रायसेन और रीवा में 11, गुना में 11.8 डिग्री रहा। दतिया, छिंदवाड़ा और श्योपुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री, बैतूल में 12.7 और नौगांव में 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रतलाम, खजुराहो, सतना, उमरिया, धार, नरसिंहपुर, शिवपुरी, खंडवा, टीकमगढ़, सीधी और नर्मदापुरम समेत कई अन्य शहरों में भी न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे रहा।
अगले तीन दिन में और गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट हो सकती है। ऐसा होने पर प्रदेश के अधिकांश शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है। सुबह के समय धुंध छाने और दिन में ठंडी हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं, आने वाले दिनों में नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से पहाड़ी इलाकों में मौसम बदलेगा। सिस्टम के आगे बढ़ने के बाद उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश की ओर आएंगी, जिससे सर्दी और बढ़ सकती है। फिलहाल प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में एक चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत