जबलपुर : रेलवे का स्वच्छता अभियान: सात माह में 14.41 लाख का जुर्माना वसूला

 


जबलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियानों के बावजूद यात्रियों की लापरवाही के मामले सामने आ रहे हैं। रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में गंदगी फैलाने के 117 मामले सामने आए। इन मामलों में संबंधित लोगों से एक लाख 23 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इस संबंध में रविवार, रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्टेशन और ट्रेनों में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। रेल प्रशासन का मकसद यात्रियों से जुर्माना वसूलने के साथ उन्हें स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाना भी है। इसके लिए रेलवे स्टेशनों पर नियमित उद्घोषणाओं के जरिए यात्रियों से कूड़ेदान का उपयोग करने, परिसर को साफ रखने और धूम्रपान से बचने की अपील की जा रही है।

यात्रियों को गंदगी फैलाने से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी जा रही है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन परिसर और ट्रेनों में गंदगी न फैलाएं तथा रेलवे की संपत्ति को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। अधिकारियों के अनुसार, स्वच्छता बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक