रेलवे कोचिंग डिपो के सामने फिर हादसा, पाइपलाइन कार्य में धंसी क्रेन
जबलपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। शहर में रेलवे कोचिंग डिपो के सामने कांचघर रोड पर चल रहे पाइपलाइन कार्य के दौरान एक बार फिर हादसा सामने आया। रविवार को भारी-भरकम क्रेन खुदाई के बाद बने दलदली गड्ढे में करीब दो फीट तक धंस गई। काफी मशक्कत के बाद अन्य मशीनों की मदद से क्रेन को बाहर निकाला जा सका।
दरअसल, रेलवे पुल नंबर 1 से कांचघर रोड तक की स्थिति इन दिनों बेहद खराब बनी हुई है। पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढों का मलबा आसपास फैला हुआ है, जिससे नालियां तक पट चुकी हैं। इसी कारण भारी वाहन लगातार फंस रहे हैं। एक दिन पहले ही इसी स्थान पर एक डम्पर भी मलबे में धंस गया था, जिसे काफी प्रयास के बाद निकाला गया था।
लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद राहत की बात यह रही कि मार्ग पहले से बंद होने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हालांकि, आम लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। पिछले करीब दो महीनों से यह सड़क बंद है, जिससे लोगों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ रहा है।
रेलवे कर्मचारी भी ड्यूटी आने-जाने में दिक्कतों का सामना कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। बताया जाता है कि रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक में संबंधित ठेकेदार ने कोचिंग डिपो से पुल नंबर 1 तक का काम 15 दिनों में पूरा करने का आश्वासन दिया था। यह समयसीमा अब समाप्त होने वाली है, लेकिन कार्य की रफ्तार को देखते हुए अभी भी करीब 10 दिन और लगने की संभावना जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक