राजगढ़ः नशे के खिलाफ रेलवे स्टेशनों पर गूंजी एक आवाज, मानव श्रंखला बनाकर लोगों ने नशामुक्ति का लिया संकल्प
राजगढ़, 21 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत जनजागरुकता का अनूठा आयोजन किय गया। इसमें इंदौर इकाई के 16 रेलवे स्टेशनों पर एक साथ मानव श्रृंखला बनाकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया। इस दौरान 4 हजार से अधिक लोगों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में शासकीय रेलवे पुलिस के अधिकारियों और जवानों के साथ रेलवे अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, ऑटो रिक्शा चालक, सफाई कर्मी, वेंडर तथा बड़ी संख्या में रेल यात्रियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। रेलवे परिसरों में नशे से दूरी है जरूरी के नारों से वातावरण गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर नशे के दुष्परिणामों के प्रति आमजन को जागरूक किया और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।
मध्य प्रदेश शासन एवं मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 से 30 जुलाई तक चलाए जा रहे इस विशेष जन-जागरूकता अभियान का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे की लत से बचाना तथा स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है। जीआरपी अधिकारियों ने कहा कि रेलवे स्टेशन प्रतिदिन हजारों लोगों के आवागमन का केंद्र हैं, इसलिए ऐसे सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों का व्यापक प्रभाव पड़ता है। अभियान के तहत आगामी दिनों में भी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक