जबलपुर रेल्वे अंडरब्रिज में कार में लगी भीषण आग, आरपीएफ, सहित एजेंसियां पहुंची.

 


जबलपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मदन महल रेलवे स्टेशन के पास स्थित अंडरब्रिज में गुरुवार को एक इलेक्ट्रिक कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और तेज लपटों के साथ कई धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगीं।

घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और अंडरब्रिज से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन सुरक्षित दूरी पर रोक दिए।

कार में सवार सभी लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

हालांकि, आग इतनी विकराल थी कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद पानी के टैंकर की मदद से आग पर काबू पाया। घटना के चलते कुछ समय तक अंडरब्रिज में यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

आशंका जताई जा रही है कि घटना तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण हुई हो सकती है, हालांकि वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। इस घटना के बाद एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक