जबलपुर मण्डल में एनटीपीसी साइडिंग पर मालगाड़ी पटरी से उतरी, रेलवे में बजा दुर्घटना सायरन

 


जबलपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में शुक्रवार करीब 11.05 बजे अचानक तीन बार रुक-रुककर खतरे का सायरन बजने से रेलवे महकमे में हड़कम्प मच गया। सायरन की आवाज सुनते ही रेलवे अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय हो गए और एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (एआरटी) की ओर रवाना होते नजर आए। घटना की सूचना के बाद कुछ देर के लिए रेलवे स्टेशन परिसर में भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जबलपुर-इटारसी रेलखंड पर गाडरवारा के समीप स्थित नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन की साइडिंग में कोयले से लदी मालगाड़ी के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के कारण एनटीपीसी में कोयला अनलोडिंग का काम प्रभावित हुआ है। मालगाड़ी को दोबारा पटरी पर लाने के लिए जबलपुर से एआरटी को मौके के लिए रवाना किया गया।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, घटना एनटीपीसी की साइडिंग तक सीमित रही। राहत और सुधार कार्य के लिए रेलवे का अमला मौके पर भेजा गया है। हालांकि, दुर्घटना के कारण मुख्य रेल लाइन पर यातायात प्रभावित नहीं हुआ है।

इस संबंध में पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि गाडरवारा स्थित एनटीपीसी साइडिंग में घटना हुई है। इसका मुख्य रेल लाइन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है रेलवे की टीम आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है। मालगाड़ी को पटरी पर लाने के बाद साइडिंग में परिचालन सामान्य होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक