जबलपुर मंडल में स्पेशल मजिस्ट्रेट टिकट जांच अभियान,यात्रियों पर कार्रवाई, 61 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला
जबलपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पारदर्शी यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने तथा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में स्पेशल रेलवे मजिस्ट्रेट वेद प्रकाश सगर के नेतृत्व में बुधवार को विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत ट्रेन संख्या 22181 गोंडवाना एक्सप्रेस, 22178 महानगरी एक्सप्रेस, 11756 रीवा–इतवारी एक्सप्रेस तथा 12160 अमरावती एक्सप्रेस सहित जबलपुर–कटनी और जबलपुर–पिपरिया रेलखंड की प्रमुख ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई।
जांच के दौरान बिना टिकट और अनियमित रूप से यात्रा कर रहे कुल 66 यात्रियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें 25 यात्री बिना टिकट तथा 41 यात्री अनियमित यात्रा करते पाए गए। कार्रवाई के दौरान रेलवे ने जुर्माने के रूप में कुल 61,330 रुपये का राजस्व प्राप्त किया।
विशेष अभियान में टिकट जांच स्टाफ, रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस तथा रेलवे न्यायालय के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
जबलपुर रेल मंडल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे के नियमों का पालन करें। प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुविधा, आरक्षित यात्रियों के अधिकारों की सुरक्षा तथा यात्रा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के स्पेशल मजिस्ट्रेट टिकट जांच अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक