जबलपुर रेलवे स्टेशन पर वाणिज्य विभाग का औचक निरीक्षण, खामियां मिलने पर वाटर वेंडिंग मशीन बंद

 


जबलपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर खानपान और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बुधवार को रेल प्रशासन के वाणिज्य विभाग ने औचक निरीक्षण किया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता ने सहायक वाणिज्य प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार सिंह और अन्य अधिकारियों के साथ स्टेशन परिसर में संचालित खानपान इकाइयों तथा यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं सामने आने पर संबंधित संचालकों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न खानपान स्टॉलों पर उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई और यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं की जांच की। संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन करते हुए स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की हिदायत दी गई।

प्लेटफार्म नंबर-6 के कटनी छोर पर लगी वाटर वेंडिंग मशीन की भी जांच की गई। निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन नहीं पाए जाने पर अधिकारियों ने मशीन को तत्काल बंद करा दिया। वहीं, जन आहार गेट के पास रखा फ्रीजर यात्रियों के आवागमन में बाधा न बने, इसके लिए उसे निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने स्टेशन पर तैनात टिकट जांच कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया। कर्मचारियों को निर्धारित गणवेश में रहने और ड्यूटी रोस्टर के अनुसार अपने तय स्थान पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों को जरूरत पड़ने पर आसानी से सहायता मिल सके।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता ने स्पष्ट किया कि यात्रियों को स्वच्छ पेयजल, गुणवत्तापूर्ण भोजन और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, स्टेशन परिसर में संचालित खानपान इकाइयों और यात्री सुविधाओं की नियमित जांच जारी रहेगी, ताकि व्यवस्थाओं में सुधार के साथ यात्रियों की संतुष्टि सुनिश्चित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक