जबलपुर : महानगरी एक्सप्रेस में गर्भवती महिला को हुई प्रसव पीड़ा, रेलवे ने तत्काल पहुंचाया एल्गिन अस्पताल

 


जबलपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महानगरी एक्सप्रेस में प्रसव पीड़ा से परेशान नौ माह की गर्भवती महिला यात्री को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। ट्रेन के जबलपुर पहुंचते ही रेलवे कर्मचारियों ने महिला को सुरक्षित उतारकर एम्बुलेंस से रानी दुर्गावती चिकित्सालय पहुंचाने की व्यवस्था की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को गाड़ी संख्या 22177 महानगरी एक्सप्रेस के कोच एस-6 की सीट नंबर 39 पर यात्रा कर रही महिला की तबीयत बिगड़ने और प्रसव पीड़ा होने की सूचना रेल मदद के माध्यम से प्राप्त हुई। महिला नौ माह की गर्भवती थी। सूचना मिलते ही रेलवे अस्पताल, रेल सुरक्षा बल, इमरजेंसी मेडिकल रूम के स्टाफ और टिकट चेकिंग कर्मचारियों को सूचित कर तत्काल चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की गई।

ट्रेन के जबलपुर स्टेशन पहुंचने पर रेलवे की चिकित्सा कर्मी गुंजन ने महिला के स्वास्थ्य की जांच की। स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे की यात्रा स्थगित कर चिकित्सकीय निगरानी में जाने की सलाह दी गई। इसके बाद महिला को उनके पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सुरक्षित ट्रेन से उतारा गया तथा रेलवे एम्बुलेंस के जरिए एल्गिन अस्पताल भेजा गया।

इस दौरान डिप्टी स्टेशन अधीक्षक, टिकट चेकिंग स्टाफ और आरपीएफ के कर्मचारी मौजूद रहे। सभी संबंधित कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते महिला को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक