पीएम मित्र पार्क को जल्द रेलवे नेटवर्क से जोड़ने पर जोर, सांसद सावित्री ठाकुर ने उठाए क्षेत्रीय रेल विकास के मुद्दे

 




धार, 05 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के धार लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने शुक्रवार को रतलाम में आयोजित पश्चिम रेलवे की सांसद समीक्षा बैठक में क्षेत्र से जुड़े रेल विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विशेष रूप से बदनावर में विकसित हो रहे पीएम मित्र पार्क को शीघ्र रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।

बैठक में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष सांसद ने कहा कि पीएम मित्र पार्क क्षेत्र के औद्योगिक विकास, निवेश आकर्षण और रोजगार सृजन की दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना है। ऐसे में इसे जल्द से जल्द रेल संपर्क उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने प्रस्तावित रेल लिंक और सर्वे कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।

समीक्षा बैठक के दौरान सांसद ने इंदौर-धार रेल परियोजना की प्रगति, निर्माणाधीन रेलवे सुरंगों, ओवरब्रिज और अंडरब्रिजों की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने धार तक रेल परिचालन जल्द शुरू करने की आवश्यकता बताते हुए परियोजनाओं में हो रही देरी के कारणों की जानकारी मांगी और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर बल दिया।

बैठक में भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों को उचित एवं समयबद्ध मुआवजा दिए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। इसके अलावा निर्माणाधीन रेलवे पुलों और ओवरब्रिजों के आसपास खराब सर्विस रोड, बरसात के दौरान जलभराव तथा यातायात प्रबंधन से जुड़ी समस्याओं की ओर भी रेलवे अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया गया।

सांसद ने लोकसभा क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की समीक्षा करते हुए स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्रतीक्षालय, सुरक्षा और दिव्यांगजन सुविधाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की जानकारी लेने के साथ बदनावर में रेलवे टिकट आरक्षण केंद्र शुरू करने की मांग भी रखी।

बैठक में नई रेल सेवाओं के संचालन, विभिन्न ट्रेनों के ठहराव, माल परिवहन सुविधाओं के विस्तार और आगामी रेल परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। सांसद ने कहा कि धार लोकसभा क्षेत्र के समग्र विकास और जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए।

बैठक में पश्चिम रेलवे परिक्षेत्र के विभिन्न सांसदगण, रेलवे महाप्रबंधक रामश्रय पांडेय, रेलवे डीआरएम अश्विनी कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi