जबलपुर: पंजीयन एक्सपायर, दस्तावेज भी नहीं मिले, पेथ केयर डायग्नोस्टिक सेंटर सील

 


जबलपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को मदन महल स्टेशन रोड, राइट टाउन स्थित पेथ केयर डायग्नोस्टिक सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सेंटर का पंजीयन मार्च 2026 में ही समाप्त होना पाया गया। पंजीयन के नवीनीकरण के लिए अब तक कोई प्रक्रिया शुरू नहीं किए जाने की बात भी सामने आई।

निरीक्षण दल में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अमिता जैन, डॉ. रत्नेश नामदेव, डॉ. तुषार गुप्ता, अजय कुरील तथा विकास श्रीवास्तव शामिल रहे। जांच के दौरान सेंटर में लैब हेड लकी सिंह और लैब टेक्नीशियन आरती नेमा सहित सेल्स प्रबंधक अनिल गुप्ता मौजूद मिले। वहीं कार्यरत स्टाफ की शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण योग्यता से संबंधित आवश्यक प्रमाण-पत्र भी सेंटर पर उपलब्ध नहीं मिले।

जांच दल को सेंटर में पैथोलॉजिस्ट डॉ. अमिता त्रिवेदी के कार्यरत होने की जानकारी मिली। टीम ने उन्हें फोन कर निरीक्षण की कार्रवाई में सहयोग के लिए उपस्थित होने को कहा, लेकिन वे जांच दल के समक्ष उपस्थित नहीं हुईं। निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कर दिया। साथ ही उपस्थित कर्मचारियों को सेंटर से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज तीन दिन के भीतर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से निजी पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटरों में हड़कंप की स्थिति बन गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक