जबलपुर सर्किट हाउस क्र 02 का होगा अत्याधुनिक स्वरूप में उन्नयन — राकेश सिंह
जबलपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। सर्किट हाउस क्र. 02 का अत्याधुनिक स्वरूप में उन्नयन किया जाएगा। रीडेंसिफिकेशन योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश बिल्डिंग डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा 75 कक्षीय नवीन सर्किट हाउस का निर्माण किया जाएगा। नवीन भवन को 5 स्टार ग्रीन रेटिंग के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने यह जानकारी रविवार को अपने निवास पर जबलपुर सर्किट हाउस की कार्ययोजना के संबंध में आयोजित बैठक के उपरांत दी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के निर्देश पर प्रदेश के सभी सर्किट हाउस एवं शासकीय विश्राम गृहों के उन्नयन की योजना तैयार की गई है। प्रथम चरण में जबलपुर एवं भोपाल के सर्किट हाउस का अत्याधुनिक स्वरूप में उन्नयन किया जाएगा।
इसी कार्ययोजना के संबंध में मंत्री निवास पर आयोजित बैठक में एमपीआरडीसी के एमडी भरत यादव, बीडीसी एमडी सी.बी. चक्रवर्ती, कलेक्टर जबलपुर राघवेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में शासन द्वारा संचालित अधिकांश विश्राम गृह वर्षों पुराने हैं। बदलते समय और बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए इनके आधुनिकीकरण की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से चरणबद्ध तरीके से सर्किट हाउस एवं विश्राम गृहों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जबलपुर सर्किट हाउस में आधुनिक अतिथि आवास सुविधाओं के साथ वीवीआईपी, वीआईपी एवं शासकीय अतिथियों के लिए बेहतर आवास व्यवस्था उपलब्ध होगी। साथ ही उच्च स्तरीय बैठकों एवं सम्मेलनों के लिए 100 सीटों वाला सम्मेलन कक्ष भी निर्मित किया जाएगा।
मंत्री सिंह ने बतया नए स्वरुप में बनने वाले सर्किट हाउस में कुल 75 कमरे होंगे, जिनमें 55 मानक कमरे, 18 वीआईपी कमरे एवं 2 वीवीआईपी कमरे शामिल हैं। इन सुविधाओं का उपयोग शासकीय अतिथियों के साथ-साथ आमजन भी कर सकेंगे। इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग की जा सकेगी।
उन्होंने बताया मध्यप्रदेश बिल्डिंग डेवलपमेंट कॉरपोरेशन इसकी पुरी कार्ययोजना तैयार कर रहा है और आगामी 15 सालो के मेंटेनन्स की कार्ययोजना के साथ इसे आउटसोर्स किया जायेगा। इस सन्दर्भ में आज सभी अधिकारियो के साथ विस्तार से चर्चा हुई है और शीघ्र ही इस कार्ययोजना को गति दी जाएगी
मंत्री राकेश सिंह ने कहा विश्राम गृहो के उन्नन्य की योजना से जबलपुर सहित प्रदेश के सभी जिलों की आतिथ्य अधोसंरचना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक