सड़कों का निर्माण विकास के द्वार खोलता है - राकेश सिंह

 


जबलपुर, 04 मई (हि.स.)। मप्र के जबलपुर के बरगी विधानसभा के अंतर्गत बरगी से सिलुआ तक 17.65 किमी लम्बे मार्ग जिसकी लागत लगभग 50 करोड़ और पनागर विधानसभा अंतर्गत पनागर मुड़िया पडोरा सलैया तक 6.20 किमी लम्बे मार्ग जिसकी लागत लगभग 9 करोड़ है इन दोनों कार्यों को लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है, इस सन्दर्भ में स्वीकृति पत्र लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सोमवार को जारी किया।

उल्लेखनीय है उक्त मार्गों के निर्माण की मांग लम्बे समय से की जा रही थी, इस मांग के दृष्टिगत लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने इसे स्वीकृति दी है और अब बरगी विधानसभा के अंतर्गत बरगी से सिलुआ तक बनने वाली यह सड़क कई गाँवों को जोड़ेगी। साथ ही इसके निर्माण के साथ ही क्षेत्र का विकास तेजी से होगा। इसी तरह पनागर विधानसभा के अंतर्गत पनागर मुड़िया पडोरा सलैया तक बनने वाली सड़क से भी क्षेत्र वासियों को राहत मिलेगी।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने इस अवसर पर कहा, ''किसी भी गांव या शहर में बनने वाली सड़को का निर्माण उस क्षेत्र के विकास के द्वार खोलता है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी के नेतृत्व में हमारी सरकार हर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जबलपुर को लगातार सौगाते मिल रही हैंं, इन्ही विकास कार्यों के सौगात की कड़ी में इन सड़कों के निर्माण को भी प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।''

इसके अलावा मंत्री सिंह ने कहा है कि मुझे पूरी उम्मीद है कि इन सड़कों के निर्माण के बाद क्षेत्र के निवासियों को आवागमन में आसानी होगी। साथ ही इससे जुड़ने वाले गाँवो का भी तेजी से विकास होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक