जबलपुरः धान उपार्जन की तैयारियों को लेकर हुई जनप्रतिनिधियों की बैठक

 


जबलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को धान उपार्जन की तैयारियों को लेकर जनप्रतिनिधियों व किसान संगठनों की बैठक शनिवार को आयोजित की गई। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में सांसद आशीष दुबे, विधायक संतोष वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोंटिया, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री राजमणि सिंह बघेल, अपर कलेक्टर रविशंकर राय, शैलेंद्र सिंह एवं अखिलेश सिंह, प्रभारी खाद्य आपूर्ति नियंत्रक अभिषेक सिंह तथा जिला उपार्जन समिति के सभी सदस्य मौजूद थे।

बैठक में धान उपार्जन की तैयारियों, किसानों के पंजीयन, उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था, सहकारी समितियों की भागीदारी, पारदर्शिता, समय पर भुगतान तथा पिछले वर्षों में सामने आई कमियों को लेकर भी समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि जिले में इस वर्ष 61 हजार 101 किसानों का पंजीयन हुआ है। इस वर्ष 80 केन्द्र बनाये जा रहे है, जिसमें अब तक 53 उपार्जन केंद्र ऑनलाइन हो चुके हैं। साथ ही 21 ऐसी समितियों को भी खरीदी प्रक्रिया से जोड़ने की पहल की गई है, जिन्होंने पिछले वर्षों में खरीदी नहीं की थी।

लोक निर्माण मंत्री सिंह ने कहा कि धान उपार्जन की प्रक्रिया शासन की नीति अनुसार पारदर्शी और व्यवहारिक हो, इसमें किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाये। उन्होंने कहा कि गड़बड़ी करने वाले व्यक्तियों को खरीदी प्रक्रिया में किसी भी रूप में शामिल होने का अवसर नहीं मिलना चाहिए। केवल संबंधित व्यक्ति को बाहर रखना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उनके परिवारजनों और रिश्तेदारों के माध्यम से पर्दे के पीछे से खरीदी व्यवस्था में हस्तक्षेप की संभावनाओं पर भी रोक लगाई जाए। मंत्री सिंह ने धान उपार्जन के लिए बनाये गये उपार्जन केंद्रों की मैपिंग किसानों की सुविधा के अनुसार केन्द्र स्थापित करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर विश्वकर्मा ने बताया कि उपार्जन के दौरान तहसीलवार अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। नोडल अधिकारी नियमित रूप से खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करेंगे और किसी भी अनियमितता या शिकायत पर तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई भी करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र पर गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित नोडल अधिकारी की जवाबदेही भी तय की जाएगी। इसके अलावा एक ही अधिकारी को लंबे समय तक एक केंद्र की जिम्मेदारी नहीं देने तथा अधिकारियों की ड्यूटी में समय-समय पर बदलाव करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में बताया गया कि प्रत्येक खरीदी केंद्र पर प्रतिदिन खरीदी गई धान की मात्रा, पहुंचने वाली ट्रॉलियों और वास्तविक किसानों से हुई खरीदी का रिकॉर्ड रखा जायेगा। साथ ही जिस किसान से धान खरीदी जायेगी, उसके नाम पर ही खरीदी दर्ज होगी। दूसरे किसान के नाम पर बिल बनाने जैसी अनियमितताओं को रोकने के लिए क्रॉस सत्यापन किया जाएगा। साथ ही प्रतिदिन शाम को खरीदी केन्द्र पर जिन किसानों से खरीदी की जा चुकी है उनकी सूची केन्द्र पर चस्पा भी की जायेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक